रमकंडा के चपरी में चैता दुगोला का भव्य आयोजन, कलाकारों के बीच जबरदस्त मुकाबला
गढ़वा: जिले के रमकंडा प्रखंड अंतर्गत चपरी गांव में सोमवार की रात पारंपरिक लोक संस्कृति का शानदार नजारा देखने को मिला, जब चैता दुगोला का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बलिया और छपरा से आए भोजपुरी कलाकार मंजय मसीहा और श्याम बाबू के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ, जिसने दर्शकों को पूरी रात बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष सतनारायण यादव, मुखिया श्रवण प्रसाद कमलापुरी, विधायक प्रतिनिधि ज्ञान रंजन पांडेय, बीडीसी पति लालमोहन पासवान एवं उपमुखिया पति मुनील पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि चैता दुगोला जैसी लोक परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक बताया।
इसके बाद शुरू हुए चैता दुगोला में दोनों कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। एक से बढ़कर एक लोकगीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
रात भर चले इस आयोजन में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया।
इस मौके पर अनिमेष कुमार, प्रेम यादव, चंदन कुमार, सुमन कुमार, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






