अवैध संबंध बना हत्या की वजह: पत्नी और देवर ने मिलकर की पति की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटकाया शव

Share this:

अवैध संबंध बना हत्या की वजह: पत्नी और देवर ने मिलकर की पति की हत्या, आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटकाया शव

गढ़वा: गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र के पाल्हे गांव स्थित पत्थरपनिया जंगल में पेड़ से लटका मिला 50 वर्षीय गोला कोरवा का शव हत्या का मामला निकला। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सोमवार को खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी सकलपतिया देवी और उसके देवर नारायण कोरवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे और इसी वजह से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने बताया कि 11 जुलाई को पत्थरपनिया जंगल में गोला कोरवा का शव गले में गमछा बंधा हुआ पेड़ से लटका मिला था। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चिनिया थाना में आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नारायण कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका अपने बड़े भाई की पत्नी सकलपतिया देवी के साथ कथित अवैध संबंध था। घटना वाले दिन गोला कोरवा ने दोनों को जंगल में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को गमछे के सहारे पेड़ से लटका दिया, ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो। पुलिस ने मृतक की पत्नी सकलपतिया देवी को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने भी हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले का सफल खुलासा किया। टीम में अंचल निरीक्षक रंका, चिनिया थाना प्रभारी सह अनुसंधानकर्ता बिकू कुमार रजक, एएसआई सुखराम उरांव, एएसआई ओमप्रकाश तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे भी विस्तृत जांच जारी है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score