तालाब में डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Share this:

तालाब में डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

गढ़वा:जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव में तालाब में डूबने से दो बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की बेटी प्रियांशु कुमारी (8 वर्ष) तथा परमेश्वर राम की बेटी रेशमा कुमारी (10 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने गई थीं। शाम तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।

इसके बाद पूरी रात ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चों की नजर तालाब में बच्चियों पर पड़ी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने गई थीं। भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतरी होंगी। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों की डूबने से मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के आसपास घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

वहीं एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि दो बच्चियों की डूबने से मौत हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score