भंडरिया-बड़गढ़ मुख्य मार्ग पर सनसनी, सालों जंगल में युवक की गोली मारकर हत्या; शव के पास मिली बाइक
गढ़वा: जिले के भंडरिया-बड़गढ़ मुख्य मार्ग स्थित सालों जंगल में रविवार की सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने युवक की कनपटी पर बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भंडरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार एवं बड़गढ़ थाना प्रभारी दीपक मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद हुई है। बाइक को जब्त कर उसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधियों ने युवक की कनपटी पर बेहद नजदीक से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मृतक की पहचान और हत्या में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, लूट, पुरानी दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






