कारगिल विजय दिवस पर रमकंडा में शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, जलाए गए दीप, गूंजे भारत माता के जयघोष
गढ़वा: जिले के रमकंडा प्रखंड मुख्यालय स्थित मनमोहर चौक पर कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार की रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रमकंडा नगर इकाई द्वारा “एक दिया शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना को मजबूत करना था।
इस अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयघोष और वीर जवानों के सम्मान में देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एबीवीपी के राजा यादव ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस मौके पर कुंदन यादव, बिनोद प्रसाद सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कई कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






