गढ़वा: जिले के भंडरिया हाई स्कूल मैदान में आयोजित नीलांबर-पीतांबर कॉस्को नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार की रात रोमांचक अंदाज में खेला गया, जिसमें वाड्राफनगर (रैंबो वारियर राजखेता) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि बलरामपुर की टीम उपविजेता रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाड्राफनगर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलरामपुर की टीम 11.2 ओवर में 76 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह वाड्राफनगर ने 35 रनों से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए विवेक को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले अनुराग को “मैन ऑफ द सीरीज” का खिताब दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि कुँवर सिंह, उपप्रमुख श्रद्धा देवी एवं समाजसेवी अशोक गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, फीता काटकर उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। ग्रामीण स्तर पर इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
अंत में विजेता टीम वाड्राफनगर को ₹31,000 नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता बलरामपुर को ₹21,000 नगद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख मुना सिंह, समाजसेवी बब्बू सिन्हा, रामवृक्ष सिंह, खेल संरक्षक विनीत तिग्गा, उपेन्द्र कुमार, जीतेन्द्र सोनी, शीतल पवन तिर्की, उपेन्द्र विश्वकर्मा, विनोद प्रजापति, मुशर्रफ अंसारी, चमन मिंज, पुसनाथ मुंडा, जगु प्रजापति, अभय कुमार सिंह, सुरजीत सिंह, आनंद प्रजापति, मनीष माझी, गुड्डू रजक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका शीतल एवं अमर ने निभाई।







