जंगीपुर में युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
गढ़वा: जिले के श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान शंकर उरांव के 18 वर्षीय पुत्र गोविंद उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार गोविंद उरांव बुधवार देर रात किसी व्यक्ति को बाइक से छोड़कर अपने नानी घर जंगीपुर लौट रहा था। इसी दौरान घर पहुचने से पहले कुछ ही दुरी पर पीछे से बाइक पर पहुंचे अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली युवक की गर्दन और पीठ के बीच हिस्से में जा फंसी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को पहले अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस जवान महेंद्र कुमार व विकास ने मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक को गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार घायल युवक अपने नानी के घर जंगीपुर में रहता था






